कानपुर की वीआईपी रोड पर रविवार देर रात तेज रफ्तार एसयूवी सवार युवकों की दबंगई का मामला सामने आया है। बाइक को टक्कर मारने के बाद युवकों ने बाइक सवार से मारपीट की और उसे जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना ग्रीन पार्क चौराहे के पास की बताई जा रही है, जहां एक फॉर्च्यूनर कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। विरोध करने पर कार सवार युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। कुछ देर बाद दूसरी कार से पहुंचे अन्य युवक भी विवाद में शामिल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी घायल युवक को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर उसे बचा लिया। बीच-बचाव करने पहुंचे ट्रैफिक पुलिसकर्मी को भी आरोपियों ने धमकाया। वायरल वीडियो में एक युवक कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई देता है कि “हमारे ताऊ सांसद हैं।” घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जांच के बाद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

