हजारीबाग के बाडम बाजार स्थित राजकीयकृत मध्य विद्यालय के जर्जर भवन का निरीक्षण करने पहुंचे महापौर अरविंद राणा ने विद्यालय की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने जल्द मरम्मत और कायाकल्प का भरोसा दिलाया। नगर निगम क्षेत्र के राजकीयकृत मध्य विद्यालय, बाडम बाजार का निरीक्षण करते हुए महापौर अरविंद राणा ने विद्यालय भवन की जर्जर स्थिति का जायजा लिया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार मुख्य भवन वर्ष 1983 में बना था, जबकि वर्ष 2005 में दो अतिरिक्त कमरों का निर्माण कराया गया था। समय के साथ दोनों भवन काफी जर्जर हो चुके हैं। कई कमरों की दीवारों से प्लास्टर झड़ रहा है और भवन के कई हिस्से क्षतिग्रस्त हैं, जिससे

छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। महापौर ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी सरकारी विद्यालयों का सर्वे कराया जा रहा है और जिन स्कूलों की स्थिति खराब मिलेगी, वहां चरणबद्ध तरीके से मरम्मत, रंग-रोगन और अन्य आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हीरा राम, प्रधानाध्यापिका रानी कुमारी सहित शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

