हजारीबाग के के.बी. महिला कॉलेज परिसर स्थित आदिवासी बालिका छात्रावास में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। जिला विकास समन्वय एवं मूल्यांकन समिति के मनोनीत सदस्य रमेश कुमार हेम्ब्रोम और आदिवासी छात्र संघ के उपाध्यक्ष सुशील ओडेया ने छात्रावास का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने जर्जर और बेहद नीची चारदीवारी, पेयजल संकट, शौचालय में पानी की कमी, बर्तनों और बेड की अपर्याप्त संख्या जैसी समस्याएं

बताईं। छात्राओं का कहना है कि सुरक्षा के अभाव में वे पुराने टेबल और बेड लगाकर खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश करती हैं। रमेश कुमार हेम्ब्रोम ने जिला प्रशासन से एक सप्ताह के भीतर सभी समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो छात्राओं के साथ समाहरणालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

