उत्तर प्रदेश के देवरिया में मुहर्रम के जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अखाड़े में आग से जुड़ा करतब दिखा रहा एक युवक अचानक आग की चपेट में आ गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

यह घटना 26 जून को कोतवाली क्षेत्र के मालवीय रोड की है, जहां मुहर्रम का जुलूस पारंपरिक तरीके से निकाला जा रहा था। इसी दौरान 5-स्टार क्लब अखाड़े का 24 वर्षीय खिलाड़ी सद्दाम आग से जुड़ा करतब दिखा रहा था। प्रदर्शन के दौरान अचानक आग भड़क गई और सद्दाम उसकी चपेट में आकर झुलस गया। मौके पर मौजूद साथियों और लोगों ने तुरंत आग बुझाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अब सामान्य और खतरे से बाहर है। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि समय रहते युवक को बचा लिया गया और इसके बावजूद मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

