पाकुड़ जिले में कथित अवैध बालू परिवहन का मामला सामने आया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता और पूर्व विधायक दिनेश विलियम मरांडी ने लिट्टीपाड़ा-अमड़ापाड़ा मार्ग पर धुंधापहाड़ी के पास कथित रूप से अवैध और ओवरलोड बालू लदे एक ट्रेलर को रोककर पुलिस के हवाले कर दिया।

इसके बाद वाहन को लिट्टीपाड़ा थाना लाया गया, जहां पुलिस ने उसे जब्त कर जांच शुरू कर दी है। दिनेश मरांडी ने आरोप लगाया कि एनजीटी के प्रतिबंध के बावजूद दुमका, लिट्टीपाड़ा और पाकुड़ के रास्ते बड़ी संख्या में बालू का अवैध परिवहन हो रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। वहीं, लिट्टीपाड़ा थाना प्रभारी अनिल कुमार पंडित ने बताया कि पूर्व विधायक द्वारा सौंपे गए ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

