अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा और दान राशि को लेकर उठे विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई है, जिसमें राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। वकील अजय कुमार राय और दिनेश कुमार यादव द्वारा दायर याचिका में CBI के नेतृत्व में विशेष जांच दल यानी SIT गठित करने की मांग की गई है।

याचिकाकर्ताओं का कहना है कि पहले FIR दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाए और फिर तय समयसीमा में पारदर्शी जांच कराई जाए। याचिका में यह भी दावा किया गया है कि उत्तर प्रदेश सरकार की मौजूदा SIT ने बिना FIR के जांच शुरू की है। याचिकाकर्ताओं का तर्क है कि ऐसे संवेदनशील वित्तीय मामलों की जांच किसी स्वतंत्र और विशेषज्ञ एजेंसी से कराई जानी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं का विश्वास बना रहे।

