ओडिशा से एक बेहद अनोखी और भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने जुड़वां बच्चों को दो अलग-अलग जगहों और दो अलग-अलग वाहनों में जन्म दिया। जानकारी के अनुसार, गर्भवती महिला राउरकेला-गुनुपुर राज्यरानी एक्सप्रेस के सामान्य डिब्बे में यात्रा कर रही थी, तभी उसे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर रेलवे अधिकारियों को रेल मदद पोर्टल के जरिए सूचना दी गई और कटक स्टेशन पर आरपीएफ की

टीम तैनात की गई। लेकिन ट्रेन के पहुंचने से पहले ही महिला ने चलती ट्रेन में पहले बच्चे को जन्म दे दिया। इसके बाद उसे 108 एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में दूसरे बच्चे का जन्म एंबुलेंस में ही हो गया। दोनों नवजात और मां पूरी तरह स्वस्थ हैं और उन्हें एससीबी मेडिकल कॉलेज में निगरानी में रखा गया है। इस अनोखी घटना की हर तरफ चर्चा हो रही है।

