हजारीबाग स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, मालवीय मार्ग में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के आलोक में पंचपदी शिक्षण प्रणाली विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों के शिक्षण कौशल को अधिक प्रभावी, रोचक और छात्र-केंद्रित बनाना था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हजारीबाग विभाग के विभाग प्रमुख ब्रजेश कुमार सिंह ने पंचपदी शिक्षण प्रणाली के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा

नीति के अनुरूप शिक्षण पद्धति में नवाचार और गुणवत्ता संवर्धन समय की आवश्यकता है। उन्होंने शिक्षकों को नियमित अभ्यास, विषय की गहन तैयारी और आधुनिक शिक्षण तकनीकों के उपयोग पर विशेष बल दिया। विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव ज्ञानचंद प्रसाद मेहता ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी कार्यशालाएं शिक्षकों के सतत विकास और राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
