कानपुर में चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय (CSA) में आज एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम देखने को मिला, जहां उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राकृतिक खेती को लेकर किसानों के साथ सीधा संवाद किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विभिन्न कृषि उत्पादों व नवाचारों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया और उनका उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में सीएम योगी ने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि यह भविष्य की जरूरत है और इससे न सिर्फ मिट्टी की सेहत सुधरेगी, बल्कि किसानों की आय भी बढ़ेगी। उन्होंने गौ आधारित खेती पर जोर देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इस मॉडल से सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने करीब 500 किसानों को सम्मानित किया और कृषि में तकनीक व नवाचार को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने PWD और उद्योग विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की भी समीक्षा की।
करीब 4 घंटे के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने किसानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि प्राकृतिक खेती ही आने वाले समय की सबसे मजबूत कृषि व्यवस्था होगी।

