उत्तराखंड के नैनीताल में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य लोग घायल हो गए। हादसा कालाढुंगी रोड पर उस समय हुआ जब मेरठ के एक परिवार को लेकर लौट रही टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। बताया जा रहा है कि परिवार पिछले कई दिनों से नैनीताल घूमने आया था और बुधवार को मेरठ वापस लौट रहा था।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। प्रशासन के अनुसार कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही मेरठ में परिजनों के बीच मातम का माहौल है।

