राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें चार सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा पाटोदी कस्बे के पास उस समय हुआ जब एक रोडवेज बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान कोडूका गांव निवासी उदाराम (39), रेखाराम (35), जोगाराम (31) और विशनाराम (29) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चारों भाई मकान निर्माण कार्य से जुड़े थे और काम के लिए कालेवा गांव जा रहे थे।

हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को कार से निकालकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर बस चालक की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग की।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि गांव में चार भाइयों की एक साथ मौत से मातम पसरा हुआ है।

