हजारीबाग में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में समाज कल्याण, सामाजिक सुरक्षा एवं बाल संरक्षण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र लाभुक योजना से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्तियों का चयन न हो। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को पौष्टिक आहार, स्वच्छता और प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस यानी VHSND के नियमित आयोजन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं बाल संरक्षण विभाग की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा से जोड़ने तथा अनाथ और जरूरतमंद बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ देने पर बल दिया। इसके अलावा निर्माणाधीन प्लेस ऑफ सेफ्टी के कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

