बड़ी खबर राजस्थान से है, जहां प्री-मानसून गतिविधियां तेजी पकड़ चुकी हैं। राज्य के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। जून के पहले सप्ताह में ही प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश देखने को मिली है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले पांच वर्षों में राजस्थान में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। यही वजह है कि इस बार भी मानसून के अधिक सक्रिय और प्रभावी रहने के संकेत मिल रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान, जिसे कभी कम बारिश वाला क्षेत्र

माना जाता था, वहां भी अब कम समय में भारी बारिश और अत्यधिक वर्षा की घटनाएं बढ़ रही हैं। यह बदलते मौसम पैटर्न और जलवायु परिवर्तन का असर माना जा रहा है। इस बीच, मौसम विभाग ने आज शनिवार के लिए राज्य के 25 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालांकि राहत के बीच एक चेतावनी भी है। मौसम विभाग के मुताबिक 8 जून से राजस्थान के पश्चिमी इलाकों में एक बार फिर गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है और हीटवेव चलने की संभावना है। फिलहाल, प्री-मानसून की बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन बदलते मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।

