मध्य प्रदेश के इंदौर से बड़ी खबर सामने आ रही है। आउटर रिंग रोड परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के विरोध में शिप्रा और पीथमपुर क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसान कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए और प्रदर्शन किया। किसानों का आरोप है कि देवास से होते हुए शिप्रा और पीथमपुर तक बनने वाली आउटर रिंग रोड के लिए उनकी जमीन अधिग्रहित की जा रही है, लेकिन बदले में उन्हें बेहद कम मुआवजा दिया जा रहा है। किसानों का कहना है कि वर्तमान में उनकी जमीन की

बाजार कीमत करोड़ों रुपये में है, जबकि सरकार नाममात्र का मुआवजा तय कर रही है। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। कुछ किसान गैस सिलेंडर और आटा लेकर धरने पर पहुंचे, जबकि कई किसानों ने गीतों और नारों के जरिए अपनी नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि उचित मुआवजा नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है। फिलहाल किसान प्रशासन से मुआवजे की राशि पर पुनर्विचार और न्यायपूर्ण समाधान की मांग कर रहे हैं।”

