उत्तर प्रदेश के सहारनपुर स्थित सिद्ध पीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में गुरुवार देर रात अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी। शिवालिक पहाड़ियों में तेज बारिश के बाद खोल में अचानक पानी का तेज बहाव उतर आया, जिससे मंदिर परिसर और आसपास का इलाका कुछ ही मिनटों में जलमग्न हो गया।
हादसे में दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई वाहन, प्रसाद की दुकानें और सामान पानी में बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, श्रद्धालु मंदिर परिसर में आराम कर रहे थे, तभी तेज बहाव और शोर से अफरा-तफरी मच गई। लोग बच्चों और महिलाओं को लेकर सुरक्षित जगहों की ओर भागते नजर आए।’

सुबह होने पर तबाही की भयावह तस्वीरें सामने आईं। कई वाहन कीचड़ और मलबे में दबे मिले। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर हालात पर काबू पाने की कोशिश की।

