उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में समाजवादी पार्टी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष गार्गी सिंह पटेल के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के मढ़िया गांव में उनके घर में घुसकर हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़िता गार्गी सिंह पटेल का आरोप है कि कुछ लोग उनकी बेटी के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर

अमित यादव, मनोज यादव समेत अन्य लोगों ने उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने बाल पकड़कर घसीटा, जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा और टेबल से हमला किया। घटना के दौरान घर में मौजूद बच्चे डरकर छिप गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस के मुताबिक मामला किसी पुराने व्यावसायिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।

