बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विभागों में लगातार हो रहे बदलाव को लेकर मंच से ही अपनी नाराजगी जाहिर की। मुजफ्फरपुर के राष्ट्रीय लीची अनुसंधान केंद्र में आयोजित “बिहार लीची संगम : बाग से निर्यात तक” कार्यक्रम में उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा कि, “मैं तल्लीनता से पढ़ाई करता हूं, लेकिन परीक्षा देने के समय सब्जेक्ट ही बदल जाता है।”
मंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जब वे किसी विभाग को अच्छे से समझकर बेईमान लोगों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी करते हैं, तभी उनका विभाग बदल दिया जाता है। उन्होंने कहा, “पढ़ाई करता हूं तो पढ़ाने वाले लोग ही बेईमान निकलते हैं और जब कार्रवाई करने जाता हूं, तब तक सब्जेक्ट बदल जाता है।”

विजय सिन्हा ने खुद को “सदाबहार छात्र” बताते हुए कहा कि वे हर विभाग को सीखने की कोशिश करते हैं। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने किसानों के हित में कई घोषणाएं भी कीं। मंत्री ने कहा कि शाही लीची में लगने वाले कीटों की समस्या के समाधान के लिए वैज्ञानिक पहल की जाएगी। साथ ही जल्द ही कोल्ड स्टोरेज चेन और किसान प्रोत्साहन नीति भी लागू की जाएगी।

