पश्चिम बंगाल के जामुड़िया स्थित इकरा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह गिरीधन फैक्ट्री के ठेका श्रमिकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। श्रमिक वेतन वृद्धि, सुरक्षा व्यवस्था और साप्ताहिक अवकाश की मांग को लेकर फैक्ट्री गेट पर घंटों धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आरोप है कि सरकार द्वारा निर्धारित 783 रुपये दैनिक मजदूरी के बजाय उन्हें मात्र 335 रुपये ही दिए जा रहे हैं।

इसके साथ ही फैक्ट्री में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने और महीने में चार दिन छुट्टी नहीं मिलने को लेकर भी श्रमिकों में नाराजगी देखी गई। विरोध प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए फैक्ट्री का कामकाज भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर फैक्ट्री प्रबंधन ने श्रमिकों से बातचीत की और मामले की जांच कर ठेकेदार संस्था से चर्चा के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। फिलहाल श्रमिकों ने आंदोलन वापस ले लिया है, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

