रानीगंज: गुरुवार की सुबह 10ः30 बजे के करीब पहले शिफ्ट में जामुड़िया थानांतर्गत ईसीएल के कुनुस्तोड़िया एरिया के परासिया कोलियरी में हुयी दुर्घटना में दो श्रमिकों की मौत हो गयी एवं दर्जनों की संख्या में श्रमिक गंभीर रुप से घायल हुए। इन्हें ईसीएल के बांसड़ा, काल्ला एवं अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायल श्रमिकों से मिली जानकारी के अनुसार, इसदिन सुबह पहली पाली में लगभग 100 से अधिक श्रमिक कोयला काटने के लिए परासिया कोलियरी के 27 नंबर सेक्शन में काम कर रहे थे। तभी अचानक पहले तेज हवा से एयर ब्लास्ट के साथ कोयले का चाल श्रमिकों के उपर आ गिरा। आनन-फानन में इमरजेंसी काॅल पर सूचना दी गयी कि 27 नंबर सेक्शन में एयर ब्लास्ट होने से श्रमिक बुरी तरह जख्मी हो गए। तत्काल इन्हें निकलने की व्यवस्था में ईसीएल प्रबंधन लग

गया। ईसीएल के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। तत्काल चिकित्सा की व्यवस्था भी परासिया कोलियरी में की गयी। खदान के बाहर डोली से निकले एक-एक श्रमिकों को प्राथमिक चिकित्सा दी गयी। इसके लिए अस्पताल के लिए रवाना किया गया। यह घटना कैसे घटी, अभी इस बात की सरकारी रुप में पुष्टि नहीं हुयी है। परन्तु इतने भयावह घटना के लिए श्रमिक संगठनों ने ईसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। श्रमिक संगठनों का कहना है कि सुरक्षा को लेकर ईसीएल का सेफ्टी मैनेजमेंट पूरी तरह से उदासीन हो गया है। लापरवाही हो गया है। जिस कारण ऐसी घटनाएं घट रही है।

