Bokaro में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के गवाई पुल पर एक 16 चक्का गैस टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद उसमें अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सुरक्षा के मद्देनजर NH-32 पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई, जिससे सड़क पर लंबा जाम लग गया। प्रशासन ने गवाई पुल से करीब आधा किलोमीटर पहले ही लोगों और वाहनों को रोक दिया।

स्थानीय लोगों को सबसे ज्यादा डर संभावित ब्लास्ट को लेकर था। आशंका जताई जा रही थी कि अगर टैंकर में विस्फोट होता तो गवाई पुल और आसपास के कई घर इसकी चपेट में आ सकते थे। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक आग लगने के बाद काफी मात्रा में गैस लीक होकर निकल गई, जिससे बड़े विस्फोट का खतरा कुछ कम हुआ। फिलहाल दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।

