उपायुक्त श्री हेमंत सती ने आज सोमवार को सदर प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायतों की संख्या,हल्का की संख्या एवं कार्यरत कर्मचारियों की संख्या, पंजी एवं विभिन्न अभिलेखों की जांच की। इस क्रम में उपायुक्त ने उपस्थित कर्मियों से संवाद कर उनके कार्यों एवं दायित्वों की जानकारी भी ली। उपायुक्त ने सदर अंचल अधिकारी से प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में प्राप्त होने वाले प्रमुख मामलों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को संबंधित कर्मचारी अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहें, ताकि जन समस्याओं का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने म्यूटेशन से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की तथा

इनके शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने अंचल निरीक्षक कक्ष का भी निरीक्षण किया एवं अभिलेखों के समुचित संधारण पर बल दिया। उपायुक्त ने कार्यालय परिसर का अवलोकन करते हुए विभिन्न कक्षों में अनावश्यक कागजों के भंडारण को हटाने एवं अभिलेखों के सुव्यवस्थित प्रबंधन का निर्देश दिया। साथ ही प्रखंड कार्यालय में पेयजल व्यवस्था, साफ-सफाई, पेवर ब्लॉक निर्माण, वृक्षारोपण एवं आमजन के लिए शेड निर्माण कराने के निर्देश दिए, ताकि कार्यालय परिसर स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक बन सके। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी चौकीदारों को निर्धारित वर्दी (पूर्ण ड्रेस) में ड्यूटी करने का निर्देश दिया।

