पश्चिम बंगाल से चुनावी सरगर्मी के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने टीएमसी के समर्थन में जोरदार रोड शो और जनसभाएं कीं। उत्तर 24 परगना जिले के भाटपाड़ा विधानसभा क्षेत्र और जगदल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इन कार्यक्रमों में तेजस्वी यादव ने टीएमसी उम्मीदवारों के पक्ष में जनता से समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि भारी उत्साह, जोश और उम्मीद के
साथ निकाले गए इस रोड शो में लोगों का अपार समर्थन देखने को मिला। तेजस्वी यादव के मुताबिक, बंगाल की जनता का अटूट विश्वास और प्यार इस बात का संकेत है कि वे एक बार फिर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भारी बहुमत से जीत दिलाने का मन बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि विकास, सुशासन और न्याय के एजेंडे पर काम कर रही ममता बनर्जी को जनता चौथी बार सत्ता सौंपने के लिए तैयार है।

