बॉटनी विभाग की बड़ी पहल : विभावी परिसर में वनस्पति सूचिकरण का डिजिटल पोर्टल लॉन्च विनोबा भावे विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा परिसर-व्यापी पौध सर्वेक्षण के डिजिटल दस्तावेज़ीकरण की एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शनिवार को इस डिजिटल पोर्टल का अनावरण स्वामी विवेकानंद सभागार में इंटर यूनिवर्सिटी एक्सीलेटर सेंटर, नई दिल्ली के निर्देशक प्रो अविनाश चंद्र पांडे द्वारा किया गया । यह पहल विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो चंद्र भूषण शर्मा की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। यह कार्य वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. अविनाश कुमार के मार्गदर्शन एवं निरंतर पर्यवेक्षण में तीन महीनों में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इसकी जानकारी देते हुए डॉ अविनाश कुमार ने बताया कि स्नातकोत्तर समसत्र तीन ( सत्र 2024-26) के विद्यार्थियों, दो सीएसआईआर (CSIR) शोधार्थि मिताली गुप्ता, कुमारी काजल सोनी एवं टीचिंग असिस्टेंट्स आस्था निरुपम और नेहा कुमारी के द्वारा यह कार्य रिकॉर्ड समय में संपन्न किया गया है।

इस सर्वेक्षण के दौरान विश्वविद्यालय परिसर के विभिन्न क्षेत्रों—जैसे मुख्य द्वार, तालाब क्षेत्र, वानस्पतिक उद्यान, अतिथि गृह तथा विभिन्न शैक्षणिक भवनों के आसपास के क्षेत्रों—का व्यवस्थित रूप से अध्ययन किया गया। इस कार्य हेतु पूरे परिसर को विभिन्न वर्गों में विभाजित कर सर्वेक्षण किया गया। सर्वेक्षण में लगभग 1600 पौधों का दस्तावेजीकरण किया गया, जिसमें करीब 100 एंजियोस्पर्म प्रजातियां, 10 जिम्नोस्पर्म तथा 15 फर्न प्रजातियां शामिल हैं। इससे परिसर की समृद्ध जैव विविधता परिलक्षित होती है। इसके अनावरण उपरांत डॉ अविनाश कुमार ने बताया कि अब यह पोर्टल आमजन के लिए उपलब्ध है। इसके जरिए कोई भी विश्वविद्यालय परिसर में उपलब्ध पौधों की विस्तृत जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकता है। इस पोर्टल का लिंक विश्वविद्यालय के आधिकारिक वेबसाइट के होम पेज पर उपलब्ध है। कुलपति ने इस उपलब्धि के लिए विभागाध्यक्ष को बधाई दी तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो अविनाश चंद्र पांडे इससे अत्यंत प्रभावित हुए। उन्होंने इस कार्य को जैवविविधता पोर्टल (biodiversity portal) के साथ जोड़ने का सुझाव दिया है।

