उत्तर प्रदेश के संभल जिले के बिछौली गांव में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर बने इमामबाड़ा और ईदगाह को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई तहसीलदार न्यायालय के आदेश के तहत की गई। गुरुवार सुबह प्रशासनिक टीम चार बुलडोजरों के साथ मौके पर पहुंची और एसडीएम निधि पटेल की मौजूदगी में अवैध निर्माण हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्रवाई के

दौरान इलाके में भारी पुलिस बल और आरआरएफ की तैनाती की गई, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। जैसे ही बुलडोजर चला, मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार विश्नोई भी मौके पर पहुंचे और पूरे अभियान की निगरानी की। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए की गई है। पूरे इलाके को सुरक्षा के लिहाज से पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।

