गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में गुरुवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते सैकड़ों झुग्गियां जलकर खाक हो गईं और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगने के बाद झुग्गियों में रखे गैस सिलेंडर फटने लगे, जिससे धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग कबाड़ के गोदाम से शुरू होकर झुग्गियों तक फैल गई। हालांकि कुछ बच्चों के लापता होने की आशंका जताई गई थी, लेकिन प्रशासन ने अब तक किसी के हताहत या लापता होने की पुष्टि नहीं की है। फिलहाल कूलिंग और सर्च ऑपरेशन जारी है, जबकि प्रशासन नुकसान का आकलन करने में जुटा है।

