हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत पसई गांव निवासी राजेश साव का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने थाने में पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। परिजनों का आरोप है कि अज्ञात अपराधियों ने चाकू से वार कर और पत्थर से कुचलकर हत्या की तथा शव को बीकेबी रोड, बानादाग के पास फेंक दिया। घटना स्थल थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर बताया जा रहा है। वहीं घटना के चार दिन बाद भी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। मृतक की पत्नी सबिता देवी और स्थानीय लोगों ने जांच में तेजी लाने की मांग करते हुए कहा कि दोषियों को जल्द से जल्द

गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में कटकमदाग थाना प्रभारी प्रमोद कुमार राय ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह सड़क दुर्घटना है या हत्या। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है लेकिन अभी तक के अनुसंधान में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में निष्पक्ष और शीघ्र कार्रवाई की जाएगी, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों पर उचित कार्रवाई हो।

