समाहरणालय सभागार में जिला पर्यटन संवर्द्धन परिषद की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार ने की। बैठक में राजमहल विजय कुमार हांसदा, महेशपुर विधायक प्रोफेसर स्टीफन मरांडी, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, जिला परिषद अध्यक्ष, नगर परिषद अध्यक्ष, सांसद प्रतिनिधि एवं विधायक प्रतिनिधि सहित कई अधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में जिले के पर्यटन स्थलों के समग्र विकास एवं उनके आकर्षण को बढ़ाने हेतु विस्तृत चर्चा की गई। विशेष रूप से पाकुड़िया स्थित दुर्गापुर डैम में नौकायन सुविधा शुरू करने की दिशा में संभावनाओं पर गंभीरता से विचार किया गया, जिससे स्थानीय पर्यटन को नई गति मिल सके। सांसद ने निर्देश दिया कि जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए एक प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि अधिक पर्यटक आकर्षित हों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती

मिले। बैठक में कंचनगढ़ गुफा को और आकर्षक बनाने के लिए वहां सेल्फी प्वाइंट स्थापित करने का निर्णय लिया गया। साथ ही भौरी कोचा मंदिर एवं जटाधारी शिव मंदिर में स्वागत द्वार के निर्माण की स्वीकृति दी गई। पर्यटकों की सुविधा हेतु प्रकृति विहार पार्क, भौरी कोचा मंदिर एवं जटाधारी शिव मंदिर में साइनबोर्ड लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, प्रकृति विहार पार्क को ‘डी’ श्रेणी के पर्यटन स्थल के रूप में अधिसूचित करने हेतु प्रस्ताव राज्य स्तर पर भेजने का निर्णय लिया गया। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों ने जिले में पर्यटन विकास को प्राथमिकता देते हुए समन्वित, योजनाबद्ध एवं परिणामोन्मुख प्रयास करने का संकल्प लिया, जिससे पाकुड़ को पर्यटन के मानचित्र पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई जा सके

