वाराणसी में गंगा नदी के बीच नाव पर DJ और बीयर पार्टी का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। घटना बीती रात की बताई जा रही है, जब नाविक समाज के कुछ लोग दशाश्वमेध घाट से बड़ी शीतला मंदिर तक शोभायात्रा लेकर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ नाविकों ने नाव पर DJ लगाकर तेज संगीत के बीच बीयर पीते हुए डांस किया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। मामले का संज्ञान लेते हुए एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। गंगा की पवित्रता से जुड़ा यह दूसरा बड़ा

विवाद बताया जा रहा है। इससे पहले भी गंगा में अनुचित गतिविधियों को लेकर विवाद सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के पालन पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

