हजारीबाग जिले के लोहसिंहना थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां झील में मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान सरदार चौक निवासी कलीम के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, कलीम रोजाना की तरह बीते दिन भी सुबह मछली पकड़ने के लिए घर से निकला था। लेकिन देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजन उसकी तलाश में झील के पास पहुंचे, जहां उस स्थान पर उसका मछली पकड़ने का सामानछड़, बंशी और टिफिन मिला, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आसपास के क्षेत्र में खोजबीन शुरू की गई। देर

रात झील में झग्गर डालकर तलाश की गई, जिसके बाद कलीम का शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। स्थानीय लोगों की सहायता से शव को झील से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हादसा कैसे हुआ। परिजनों का कहना है कि कलीम रोजाना झील में मछली पकड़ने जाया करता था, लेकिन इस तरह की घटना पहली बार हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

