झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने बहुचर्चित उग्रवाद प्रभावित बूढ़ा पहाड़ का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की। उनका यह दौरा प्रशासनिक और राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। मंत्री ने दुर्गम रास्तों से होकर क्षेत्र का जायजा लिया और सुरक्षा बलों से बातचीत कर उनकी चुनौतियों को समझा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर तेजी

से पूरा किया जाए, ताकि ग्रामीणों को सीधा लाभ मिल सके। दौरे के दौरान उन्होंने उस स्थान का भी निरीक्षण किया, जहां कभी नक्सलियों की जन-अदालत लगती थी। साथ ही स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिया। वित्त मंत्री ने सड़क, हाई स्कूल और अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उग्रवाद पर काफी हद तक नियंत्रण है, लेकिन इसे पूरी तरह खत्म करने के लिए विकास ही सबसे बड़ा रास्ता है।

