सुरसा के मुंह की तरह शहर में बढ़ती जाम की समस्या को एन डी ए के पूर्व प्रत्याशी अज़हर इस्लाम ने गंभीरता से लिया है। दरअसल गत रात्रि को इफ्तारी के बाद ज़रूरी काम से शहर की ओर जा रहे अज़हर इस्लाम मुफ़स्सिल थाना से लेकर अब्दुल कलाम आज़ाद चौक तक लगे भयंकर जाम में खुद फंस गए। जाम में छोटे बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएँ और रोज़ेदार लोग परेशान थे। जाम की गंभीरता को देखते हुए वे खुद पैदल चलकर नगरपालिका टोल टैक्स पहुँचे एवं नगर पालिका के कर्मियों से बातचीत की और सख्त शब्दों में कहा कि टैक्स वसूली के नाम पर जनता को परेशान करना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

जनता की सुविधा सबसे पहले होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अभी ईद का त्योहार आने वाला है। ईद की खरीदारी के लिए हजारों लोग बाजार आएंगे। अगर अभी से व्यवस्था ठीक नहीं की गई तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने टोल टैक्स के कर्मियों को दो टूक शब्दों में कहा कि यहाँ अतिरिक्त स्टाफ लगाया जाए, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाए और टोल वसूली के लिए काउंटर की संख्या बढ़ाई जाए ताकि जाम की समस्या खत्म हो और आम जनता को राहत मिल सके। इस संबंध में उन्होंने उपर के वरीय पदाधिकारी से संपर्क करने की बात कही

