पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज होती जा रही हैं। इसी क्रम में जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के घोषित उम्मीदवार डॉ . बिजन मुख़र्जी का सोमवार को पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान क्षेत्र में चुनावी माहौल और भी गर्म होता नजर आया। वही भाजपा के वरिष्ठ नेता काली प्रसाद शर्मा ने डॉ. बिजन मुखर्जी को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनका भव्य अभिनंदन किया और आगामी विधानसभा चुनाव में जीत की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे, जिनमें चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कहा कि जामुड़िया की जनता अब विकास और परिवर्तन चाहती है और इसी भावना के साथ भाजपा इस बार चुनाव मैदान में उतरी है। उन्होंने कहा कि

कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ पार्टी के उम्मीदवार को विजयी बनाने के लिए मेहनत करेंगे। इस मौके पर डॉ. बिजन मुखर्जी ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जामुड़िया की जनता का जो स्नेह और समर्थन उन्हें मिल रहा है, वह उनके लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें अवसर देती है तो वे क्षेत्र के समग्र विकास, रोजगार के अवसर बढ़ाने और आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता काली प्रसाद शर्मा ने भी विश्वास जताया कि पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतरेंगे और जामुड़िया विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और जनकल्याण के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर जामुड़िया क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में सक्रिय हो गए हैं और क्षेत्र में चुनावी माहौल दिन-ब-दिन गर्माता जा रहा है।

