हजारीबाग नगर निगम में चुने हुए जनप्रतिनिधि का शपथ ग्रहण के बाद नवनिर्वाचित मेयर अरविंद राणा को विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों की ओर से बधाई देने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में नव झारखंड फाउंडेशन के केंद्रीय अध्यक्ष सह समाजसेवी किशोरी राणा ने नगर निगम कार्यालय पहुंचकर मेयर को फूल-माला और पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर किशोरी राणा ने कहा कि यह हजारीबाग के लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का दिन है। शहर की जनता ने एक ऐसे व्यक्ति को मेयर चुना है, जो जमीन से जुड़ा हुआ है और जनता की समस्याओं को भली-भांति समझता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि अरविंद राणा निश्चित रूप से जनता के विश्वास पर खरे उतरेंगे और नगर निगम क्षेत्र के समग्र विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। किशोरी राणा ने कहा कि शपथ ग्रहण के पश्चात मेयर द्वारा हवन-पूजन कर नगर निगम कार्यालय में प्रवेश करना एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश है। इससे यह स्पष्ट होता है कि वे अपनी जिम्मेदारियों को पूरी गंभीरता और सकारात्मक सोच के साथ निभाना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि आज से मेयर के रूप में अरविंद राणा की जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ गई है, और उन्हें पूरा भरोसा है कि वे पूरी निष्ठा के साथ इस दायित्व का निर्वहन करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि हजारीबाग नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी वर्गों को मिलकर काम करना होगा। इसी भावना के साथ उन्होंने नगर निगम के सभी 36 वार्डों से निर्वाचित वार्ड पार्षदों को भी बधाई दी और उनसे अपेक्षा जताई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे। किशोरी राणा ने नव निर्वाचित उपमेयर अविनाश यादव को भी जीत की बधाई देते हुए कहा कि मेयर और उपमेयर के नेतृत्व में नगर निगम की पूरी टीम शहर के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करेगी। उन्होंने कहा कि सभी जनप्रतिनिधि मिलकर हजारीबाग को एक स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने में अपनी भूमिका निभाएंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। इस अवसर पर नव झारखंड फाउंडेशन के कई सदस्य भी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में मेयर अरविंद राणा का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और हजारीबाग के उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य की कामना की। संगठन के सदस्यों ने भरोसा जताया कि नए नेतृत्व में शहर में विकास की नई दिशा और गति देखने को मिलेगी।

