हजारीबाग उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में अंतर्विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित ऐसे लंबित मामलों की समीक्षा की गई, जिनका निष्पादन अन्य विभागों के समन्वय के अभाव में लंबित है। बैठक के दौरान लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आपसी संवाद एवं पत्राचार को प्रभावी बनाया जाए तथा सभी कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, ताकि जनसामान्य से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित हो सके। उपायुक्त ने जनता दरबार से प्राप्त मामलों तथा पीजी पोर्टल पर लंबित शिकायतों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। साथ ही झारसेवा पोर्टल के अंतर्गत लंबित जाति, आवासीय एवं आय प्रमाण पत्र को त्वरित रूप से निर्गत करने पर विशेष बल दिया। इसके अतिरिक्त “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों को प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निष्पादन की कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया। बैठक में उपायुक्त ने आपूर्ति विभाग को

एनएफएसए से संबंधित कार्यों एवं गोदाम निर्माण को शीघ्र पूर्ण करने तथा भूमि हस्तांतरण से संबंधित आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली, पेयजल तथा भवन निर्माण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने को कहा। साथ ही पथ निर्माण विभाग, जल जीवन मिशन, लघु सिंचाई विभाग सहित सभी विभागों को संचालित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में सभी अधिकारियों से पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य करने की अपेक्षा की गई, ताकि जिले के विकास कार्यों के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। बैठक में उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह के अतिरिक्त डीआरडीए निदेशक श्रीमती मां देवप्रिया, बरही एसडीओ श्री जोहन टुडू, सदर डीसीएलआर श्री राजकिशोर प्रसाद, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
