प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 18,300 करोड़ रुपये की दिल्ली मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने दिल्ली मेट्रो फेज-4 के तहत दो नए कॉरिडोर—पिंक लाइन का मजलिस पार्क से मौजपुर-बाबरपुर तक लगभग 12.3 किमी और मैजेंटा लाइन का दीपाली चौक से मजलिस पार्क तक लगभग 9.9 किमी लंबे कॉरिडोर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली में अब डबल इंजन

सरकार के कारण विकास की गति तेज हुई है और ट्रांसपोर्ट सुविधाओं में तेजी से सुधार हो रहा है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन देने के लिए केंद्र सरकार ने 4000 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई हैं। पिछले एक वर्ष में लगभग 1800 नई बसें भी सड़कों पर उतारी गई हैं, जिनमें बेबी बसें भी शामिल हैं जो मोहल्लों और कॉलोनियों को जोड़ती हैं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री ने महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि देश में तीन करोड़ से अधिक महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं।
