नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 की मतगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मीडिया प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी दी।जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने बताया कि सुबह 8 बजे से प्रारंभ हुई मतगणना प्रक्रिया दोपहर 12 बजे तक पूर्ण कर ली गई। बाजार समिति परिसर स्थित मतगणना केंद्र में नगर परिषद क्षेत्र के अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पदों की मतगणना शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। उपायुक्त ने निर्वाचन कार्य में जुड़े सभी निर्वाची पदाधिकारियों, सहायक निर्वाची पदाधिकारियों, उप निर्वाचन पदाधिकारी, आरओ टीम, विभिन्न कोषांगों के वरीय एवं सहयोगी पदाधिकारी, बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर, कर्मचारियों, पाकुड़ की जनता, पुलिस बल, होमगार्ड एवं चौकीदारों, मेडिकल टीमों, शिक्षकों, मास्टर

ट्रेनर्स, मीडिया प्रतिनिधियों, मतदान दल, मतगणना एजेंट, तकनीकी टीम, चेकनाका पर तैनात एसएसटी एवं एफएसटी, सर्किट हाउस के कर्मचारियों, ड्राइवरों, कंप्यूटर ऑपरेटरों, वाहन चालकों तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों के प्रति विशेष धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास, कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण के कारण ही निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी। उन्होंने आगे बताया कि उपाध्यक्ष का चुनाव अप्रत्यक्ष रूप से निर्धारित तिथि को संपन्न कराया जाएगा तथा उससे पूर्व विजयी अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का 12 मार्च को शपथ ग्रहण कराया जाएगा।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूरी मतगणना प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। लगभग 450 पुलिसकर्मी, होमगार्ड एवं चौकीदारों की तैनाती की गई थी, जिनके सहयोग से पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। उन्होंने पाकुड़ की जनता, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, मीडिया एवं चुनाव कार्य में लगे सभी कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए सभी विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं।
