जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चौसा नगर पंचायत स्थित मल्लाह टोला में मंगलवार रात एक शादी समारोह उस वक्त दहशत में बदल गया, जब जयमाला की रस्म के दौरान स्टेज पर चढ़े नकाबपोश युवक ने दुल्हन को गोली मार दी। घटना के समय सैकड़ों मेहमान और दूल्हा समारोह में मौजूद थे। आरोपी दीनबंधु मल्लाह कथित तौर पर एकतरफा प्रेम में आसक्त था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने भीड़ चीरते हुए स्टेज पर चढ़कर देसी तमंचा निकाला और आरती कुमारी (18 वर्ष) को पेट में गोली मारी। गोली लगते ही अफरा-तफरी मच गई। घायल दुल्हन को तुरंत बक्सर सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उन्हें वाराणसी

ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनका ऑपरेशन जारी है और वे वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। अस्पताल में होश में आने पर आरती ने कथित हमलावर का नाम लिया। बक्सर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। यह घटना एकतरफा प्रेम, अवैध हथियारों और शादी जैसे सार्वजनिक समारोह में सुरक्षा इंतजामों की कमी पर गंभीर सवाल खड़े करती है। इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है, और परिवार सहित स्थानीय लोग आरती की शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।

