केरेडारी प्रखंड के पगार बिरहोर टोला में रह रहे 32 बिरहोर परिवारों को अन्यत्र बसाने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। चट्टीबरियातू कोयला खनन परियोजना के पास स्थित इस टोला को प्रदूषण के प्रभाव से बचाने के लिए प्रशासन ने जमीन चिन्हित करने की कार्रवाई शुरू की है। अंचल अधिकारी राम रतन कुमार वर्णवाल ने बुधवार को करीब 40 बिरहोर परिवारों को केरेडारी मौजा (खाता संख्या 148, प्लॉट 3453) और घुट्ट मौजा (खाता

संख्या 52, प्लॉट 159, 622) की गैर मजरूआ खास जंगल भूमि दिखाई। प्रशासन ने कहा कि बिरहोर परिवार जिस स्थल को सर्वसम्मति से पसंद करेंगे, उसी जमीन पर नियमानुसार बंदोबस्ती की जाएगी। प्रशासन के अनुसार चयनित भूमि जंगल क्षेत्र के आसपास है, जो बिरहोर समुदाय की जीवनशैली और संस्कृति के अनुकूल है। यहां आवास, बिजली, पानी, विद्यालय और आंगनवाड़ी केंद्र जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। परिवारों ने कहा कि वे बैठक कर सामूहिक निर्णय लेकर अंचल कार्यालय को सूचित करेंगे।
