बिहार के कैमूर जिले से मानव तस्करी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। नौकरी दिलाने के नाम पर एक नाबालिग किशोरी को राजस्थान ले जाकर 2 लाख रुपये में उसकी जबरन शादी करा दी गई। भभुआ के एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने प्रेस वार्ता में बताया कि चैनपुर थाना क्षेत्र के जगरिया गांव से किशोरी को महेश कुमार नामक व्यक्ति बहला-फुसलाकर राजस्थान के सीकर जिले ले गया था। मामले की शिकायत पुलिस

अधीक्षक हरिमोहन शुक्ला से की गई, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई। कैमूर पुलिस ने राजस्थान के चुरा जिले के खरियाबाद बस्ती से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में सुभाष भामू नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि किशोरी के बदले 2 लाख रुपये लिए गए थे। पुलिस के अनुसार, यह संगठित गिरोह का मामला है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण और न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।

