पाकुड़ जिले के नगरनबी रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार देर रात एक दर्दनाक रेल हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, डाउन लाइन से गुजर रही वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से लगभग 35 वर्षीय एक पुरुष, करीब 30 वर्षीय एक महिला और तीन वर्ष की एक बच्ची की जान चली गई। घटना शाम लगभग 7:10 बजे की बताई जा रही है। ट्रेन तेज रफ्तार में थी और अचानक तीनों ट्रैक पर आ गए,

जिससे उन्हें संभलने का अवसर नहीं मिल सका। सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के द्वारा शवों को कब्जे में लेकर पाकुड़ रेलवे स्टेशन स्थित जीआरपी कार्यालय लाया गया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पाकुड़ रेलवे के एएसआई शिबू सरदार ने बताया कि रात होने के कारण मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी। पहचान के लिए आसपास के गांवों और पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क किया जा रहा है।

