जम्मू-कश्मीर के अखनूर जिले में पाकिस्तान की तरफ से एक बार फिर नापाक कोशिश सामने आई है। गुनारा गांव (नीली नाला क्षेत्र) में सीमा पार से आए दो संदिग्ध गुब्बारे बरामद किए गए। इन गुब्बारों को देखकर सुरक्षा एजेंसियां भी हैरान रह गईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुब्बारों पर पाकिस्तानी मोबाइल नंबर और एक स्कैनर की तस्वीर मुद्रित थी। इसके अलावा गुब्बारों के साथ कुछ पाकिस्तानी और अमेरिकी नोट भी पाए गए।

यह इलाका भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के बहुत करीब है, जिससे स्थिति गंभीर मानी जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गुब्बारों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में इन्हें संदिग्ध माना गया है। सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क किया गया है। फिलहाल पूरे मामले की विस्तृत जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा जल्द ही अधिक जानकारी साझा करने की संभावना है।

