
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने विदेशी दौरे के पहले चरण में सिंगापुर पहुंच चुके हैं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। होटल के बाहर बड़ी संख्या में लोगों ने उनका अभिनंदन किया। उनके साथ 11 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद है। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य उत्तर प्रदेश में निवेश और उद्योग को बढ़ावा देना है। सिंगापुर में मुख्यमंत्री ने वैश्विक निवेश कंपनी Temasek Holdings के चेयरमैन Teo Chee Hean और उनकी टीम से मुलाकात की। बैठक में डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स हब, अक्षय ऊर्जा और औद्योगिक बुनियादी ढांचे जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। टेमासेक उत्तर प्रदेश में अस्पताल और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में ₹1,000 करोड़ का निवेश कर रही है। मुख्यमंत्री के रूप में यह उनका दूसरा आधिकारिक विदेशी दौरा है। इससे पहले वर्ष 2017 में उन्होंने म्यांमार की यात्रा की थी। 23-26 फरवरी तक चलने वाले सिंगापुर और जापान दौरे में वे 25 से अधिक कंपनियों के प्रतिनिधियों से मिलेंगे। जापान में ऑटोमोबाइल, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्रीन हाइड्रोजन और रियल एस्टेट जैसे क्षेत्रों पर विशेष फोकस रहेगा।

