नगरपालिका निर्वाचन के निष्पक्ष संचालन को लेकर सामान्य प्रेक्षक रंजित लोहरा, व्यय प्रेक्षक, जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू एवं सभी निर्वाची पदाधिकारियों की उपस्थिति में अभ्यर्थियों के साथ बैठक आयोजित की गई।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का महापर्व है, जिसे शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील किया कि वे स्वयं एवं अपने समर्थकों को आदर्श आचार संहिता का पालन करने के लिए जागरूक करें तथा ऐसा कोई कार्य न करें जिससे चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न हो। मतदान केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़, अवैध प्रचार-प्रसार, मतदाताओं को प्रभावित करने के प्रयास या किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।जिला

निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि सभी अभ्यर्थी अपने निर्वाचन व्यय का सही एवं पारदर्शी विवरण निर्धारित समय पर प्रस्तुत करें। प्रशासन द्वारा सभी वार्डों में चुनाव प्रचार गतिविधियों की सतत निगरानी की जा रही है।उन्होंने बताया कि मतदान से 48 घंटे पूर्व प्रचार प्रसार पूर्णतः बंद करना अनिवार्य होगा तथा इस अवधि में किसी भी प्रकार का सार्वजनिक प्रचार, सोशल मीडिया अभियान या मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास प्रतिबंधित रहेगा। मतदान के दिन सभी अभिकर्ताओं एवं कर्मियों को अनिवार्य रूप से पहचान पत्र के साथ ही मतदान केंद्र में प्रवेश की अनुमति होगी।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया अत्यंत संवेदनशील होती है, इसलिए मतदान केंद्रों के अंदर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, जैसे मोबाइल, स्मार्टवॉच आदि ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपने समर्थकों को भी नियमों एवं आचार संहिता के प्रति जागरूक करने की अपील की, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

