दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्राज़ील के कृषि मंत्री लुइज़ पाउलो टेक्सीरा फेरेरा के साथ अहम बैठक की। इस दौरान भारत और ब्राज़ील के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और ब्राज़ील की एम्ब्रापा के बीच रिसर्च, तकनीक और नवाचार को लेकर साझेदारी को मजबूत करने पर सहमति बनी। प्राकृतिक खेती और जैविक कृषि के क्षेत्र में

सहयोग को बढ़ाने पर भी जोर दिया गया, जिसमें ब्राज़ील ने विशेष रुचि दिखाई। इसके अलावा भारतीय कृषि उत्पादों जैसे अनार, लहसुन, अंगूर और किशमिश के ब्राज़ील में निर्यात को बढ़ाने के लिए बाजार पहुंच और व्यापार को आसान बनाने पर भी सकारात्मक बातचीत हुई। यह बैठक दोनों देशों के कृषि संबंधों को नई मजबूती देने और भविष्य में साझेदारी के नए अवसर खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

