
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेताओं के आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताते हुए उनके खिलाफ 500 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर किया है। सीएम सरमा ने कहा कि उनके खिलाफ जानबूझकर झूठी और गलत बातें फैलाई जा रही हैं। यह कार्रवाई कांग्रेस नेताओं जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल और असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई के खिलाफ की गई है। दरअसल, 4 फरवरी को गौरव गोगोई ने दावा किया था कि मुख्यमंत्री और उनके परिवार ने राज्य में करीब 12 हजार बीघा जमीन पर कब्जा किया है। इसके बाद अन्य कांग्रेस नेताओं ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाए थे। सीएम सरमा ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह उनकी छवि खराब करने की साजिश है।

