केरेडारी बड़कागांव :—- बड़कागांव पुलिस ने नशा कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए बड़कागांव थाना क्षेत्र में एनडीपीएस एक्ट के तहत छापेमारी कर 26.5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ छह तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंजलि अंजन को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक अंजलि अंजन को सूचना मिली थी कि बड़कागांव थाना क्षेत्र आरएनआर कॉलोनी ढेंगा में कुछ व्यक्ति बड़े पैमाने पर ब्राउन शुगर की खरीद फरोख्त के उद्देश्य से एकत्र हो रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरएनआर कॉलोनी ढेंगा पहुंचने पर देखा गया कि कुछ युवक एक मकान के पास एकत्र हैं। पुलिस टीम को देखते ही वे भागने लगे, जिन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया गया।

इसके बाद सभी संदिग्धों की विधिवत तलाशी ली गई, जिसमें छह युवकों के पास से कुल 26.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई। इसके अतिरिक्त दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे चतरा जिले से ब्राउन शुगर लाकर बड़कागांव क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर इसकी बिक्री करते थे। इस संबंध में बड़कागांव थाना कांड संख्या 18/26, के तहत धारा 111(2)(बी)/3(5) बीएनएस एवं 21(बी)/22(बी)/25/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्तों में प्रहलाद भारती उर्फ गोल्डन, महादेव कुमार, सुधीर कुमार, सुमन कुमार वर्मा, राजेश कुमार उर्फ चरकू तथा पंकज कुमार उर्फ बाकू शामिल हैं। छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता सहित बड़कागांव थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। इस संबंध में बड़कागांव थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में ऐसे अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।

