निरसा थाना क्षेत्र के देवियाना गांव में अवैध कोयला भंडारण के खिलाफ सीआईएसएफ और ईसीएल सुरक्षा कर्मियों ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर बंगाल के शीतलपुर क्षेत्र की सीआईएसएफ टीम और ईसीएल मुगमा क्षेत्र के सुरक्षा अधिकारियों ने छापेमारी की। यह कार्रवाई देवियाना गांव के पूरब जंगल में हरि मंदिर के समीप की गई, जहां से भारी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया गया। छापेमारी के दौरान एक पिकअप वैन में लदा करीब एक टन कोयला,

दो पुरानी बाइक पर लदा कोयला तथा आसपास भंडारित कोयले को मिलाकर कुल लगभग 75 टन अवैध कोयला जब्त किया गया। साथ ही दो बाइक और एक पिकअप वैन भी जब्त की गई। जब्त वाहनों को कानूनी कार्रवाई के लिए निरसा थाना में आवेदन के साथ जमा कराया गया है, जबकि बरामद कोयले को चापापुर कोयला डिपो में सुरक्षित रखा गया है। मामले की जांच जारी है।

