रविन्द्र भवन में 10वीं एवं 12वीं सीबीएसई बोर्ड परीक्षा को लेकर सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस गर्ल्स एवं सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस राज +2 के छात्र छात्राओं के लिए उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। उपायुक्त ने कहा कि बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए परीक्षा में सम्मिलित होना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षा केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत आधारशिला है। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु विशेष पहल की जा रही हैं।

विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष शैक्षणिक अभियान संचालित किए जा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप सरकारी विद्यालयों के शैक्षणिक स्तर एवं परीक्षा परिणामों में निरंतर सुधार हो रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग से इस वर्ष जिले का परीक्षा परिणाम और बेहतर होगा। उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचने, शांत एवं एकाग्रचित्त होकर परीक्षा देने तथा प्रश्नपत्र को ध्यानपूर्वक पढ़कर उत्तर लिखने की सलाह दी। उन्होंने उत्तर पुस्तिका में स्वच्छ, स्पष्ट एवं व्यवस्थित लेखन के साथ आवश्यकतानुसार आरेख एवं फ्लोचार्ट का उपयोग करने पर भी बल दिया। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है।उपायुक्त ने छात्र छात्राओं के बीच सांकेतिक रूप से एडमिट कार्ड का वितरण किया।

