शिवपुरी वार्ड 22 से मिताली रश्मि ने पार्षद पद के लिए भरा नामांकन |

शिवपुरी वार्ड 22 से मिताली रश्मि ने पार्षद पद के लिए भरा नामांकन |

हजारीबाग नगर निगम चुनाव 2026 को लेकर चुनावी माहौल गर्म हो गया है। नगर निगम क्षेत्र में महापौर सहित 36 वार्डों के लिए 23 फरवरी को मतदान होना है। इसी क्रम में शिवपुरी वार्ड संख्या 22 से वार्ड पार्षद पद की उम्मीदवार मिताली रश्मि ने बुधवार को दो सेट में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले मिताली रश्मि ने दक्षिणेश्वरी महाकाली दस महाविद्या शक्तिपीठ (दक्षिणी शिवपुरी काली मंदिर) में विधि विधान से पूजा कर परिजनों और मुहल्ले के गणमान्य लोगों से आशीर्वाद लेते हुए जीत के बाद विकास के प्रति अपने संकल्प को दोहराया l नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए मिताली रश्मि ने कहा कि उन्होंने एमबीए की डिग्री प्राप्त की है और पिछले 15 वर्षों से कारपोरेट सेक्टर में कार्य करते हुए जो अनुभव अर्जित किया है, उसका उपयोग वे अपने वार्ड के विकास में करेंगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य शिवपुरी वार्ड 22 को एक आदर्श वार्ड बनाना है, जो आने वाले समय में पूरे नगर निगम क्षेत्र के लिए उदाहरण बने।

उन्होंने आगे कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त करने के बाद हजारीबाग जैसे शहर में अपनी सेवा देना उनकी पहली प्राथमिकता है। वार्डवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना, सड़क और नाली की मरम्मती, नियमित साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत करना उनकी प्राथमिक योजनाओं में शामिल रहेगा। मिताली रश्मि ने बताया कि वे वार्ड के लोगों को शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जागरूक करने के साथ-साथ बिजली और पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी कार्य करेंगी। साथ ही सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ाकर वार्ड के सर्वांगीण विकास की दिशा में लगातार प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज जनता का समर्थन, विश्वास और उम्मीद ही उन्हें चुनावी मैदान में लेकर आया है। जनता के भरोसे पर खरा उतरना ही उनका मुख्य दायित्व रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि अक्सर देखा जाता है कि महिला प्रतिनिधि चुनाव जीतने के बाद उनके स्थान पर कोई और काम करता है, लेकिन वे स्वयं जनता के बीच जाकर समस्याओं को जानेंगी और समाधान करेंगी। अंत में उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि वार्डवासी उन्हें अपना बहुमूल्य वोट देकर विजयी बनाते हैं, तो वे निश्चित रूप से एक शिक्षित, कर्मठ और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि बनकर वार्ड की सेवा करेंगी। नामांकन के समय उनके साथ परिवार के सदस्यों के साथ साथ सैकड़ों की संख्या में वार्ड क्षेत्र के महिला पुरुष उपस्थित रहे ।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *