जिला शिक्षा अधीक्षक, कार्यालय द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान में एक गरिमामयी विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, जिला शिक्षा अधीक्षक नयन कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं अतिरिक्त कार्यक्रम पदाधिकारी की उपस्थिति में शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।इस अवसर पर श्यामल कुमार दास, सुशील हेंब्रम, तुलसी रविदास, मोहम्मद अकीमुद्दीन शेख, अब्दुल रऊफ, निर्मला मुर्मू, मुमताज बेगम, किशोरी रविदास, संजय स्वर्णकार, निरोजनी किस्कू सहित 03 पारा शिक्षकों को सम्मानित किया गया

पदाधिकारियों ने शिक्षकों के सेवाकाल के दौरान उनकी महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।कार्यक्रम के दौरान जिला शिक्षा अधीक्षक द्वारा सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनकी सेवानिवृत्ति तिथि 31 जनवरी 2026 को ही सम्मानित करते हुए पेंशन सहित अन्य सेवानिवृत्ति लाभ प्रदान किया गया।अपर समाहर्ता ने कहा कि शिक्षक समाज के बौद्धिक एवं नैतिक विकास के आधार स्तंभ होते हैं।उन्होंने शिक्षकों के समर्पण, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा दिए गए संस्कार एवं ज्ञान आने वाली पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन देते रहेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण एवं अन्य कर्मी उपस्थित रहे तथा सभी ने सेवानिवृत्त शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
